न्यायालय में आ रहे पीडि़तों, गवाहों को सहायता केन्द्र से मिल रही सहायता..
देवास में 9 फरवरी से शुरू हुआ था संचालन..
देवास। फरियादी व उसके समर्थन में साक्षी जब पुलिस थाने मेें रिपोर्ट दर्ज करता है उसके बाद न्यायालयीन प्रक्रिया में फरियादी व साक्षी को न्यायालय में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन परेशानियों से निजात दिलाने के लिए न्यायालय ने एक विटनेस हेल्प डेस्क बनाया है, जिससे फरियादियों व गवाहों को आवश्यक जानकारी दी जाएगी इसके साथ ही उन्हें संबंधित न्यायालय कक्ष में पहुंचाया जाएगा।
जिला लोक अभियोजन अधिकारी राजेन्द्र खांडेगर द्वारा बताया गया कि संचालक लोक अभियोजन मध्यप्रदेश भोपाल पुरूषोत्तम शर्मा द्वारा मध्य प्रदेश के सभी जिला न्यायालयों में स्थित जिला लोक अभियोजन कार्यालय में विटनेस हेल्प डेस्क (गवाह सहायता केन्द्र) की स्थापना की गई है। जिसका उद्देश्य न्यायालय में आने वाले गवाहों को यदि किसी तरह की परेशानी आये तो वह जिले में स्थित विटनेस हेल्प डेस्क (गवाह सहायता केन्द्र) में संपर्क कर सकता है। देवास में विटनेस हेल्प डेस्क (गवाह सहायता केन्द्र) द्वारा न्यायालयों में आने वाले गवाहों की समय-समय पर सहायता की जा रही है। गौरतलब है की गत 9 फरवरी को विटनेस हेल्प डेस्क का शुभारंभ महानिदेशक/संचालक मप्र लोक अभियोजन पुरूषोत्तम शर्मा ने किया था। पुरूषोत्तम शर्मा ने विटनेस हेल्प डेस्क ऐप्लीकेशन के महत्व को बताते हुए कहा था की यह सुविधा देश में पहली बार मध्यप्रदेश में लागू की गई है। न्यायालय में आ रहे पीडि़तों को सहायता मिल रही है। इसके लिए डेस्क प्रभारी को प्रशिक्षण भी दिया गया था, वर्तमान में डेस्क पर विटनेस हेल्प डेस्क प्रभारी जितेन्द्र सिंह ठाकुर यहां पर नियमित रूप से सेवा दे रहे हैं। जिसके तहत यहां आ रहे गवाहोंको सहायता मिल रही है।
Comments