वीडियो : दर्शन कर घर लौट रही बुजुर्ग महिला के साथ हुई चैन स्नेचिंग की घटना..

बाइक से आए थे दो बदमाश, धक्का देकर की वारदात, गिरने से महिला का हाथ फ़्रैक्चर..

देवास। महाशिवरात्रि पर मोती बंगला क्षेत्र में पशुपतिनाथ मंदिर से दर्शन कर अपने घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला के साथ शुक्रवार शाम लूट की वारदात हो गई। बाइक से आए दो अज्ञात बदमाशों ने महिला को धक्का देकर उनके गले से सोने की चेन झपटी और रफूचक्कर हो गए। गिरने के कारण महिला घायल हो गई। उनके बाएं हाथ में फैक्चर हुआ है।


घायल बुजुर्ग महिला

जानकारी के अनुसार वारदात शाम करीब 7:15 बजे मोती बंगला क्षेत्र में हुई। 75 वर्षीय रुकमणी गोयल मंदिर में दर्शन करने के बाद अपनी एक परिचित महिला के साथ लौट रही थीं। उनकी परिचित महिला जैसे ही एक और मुड़ी और गोयल अपने घर की ओर बढ़ी तो उनके घर के सामने ही बाइक से दो बदमाश आए और धक्का देकर सोने की करीब तीन-चार तोले वजनी चेन झपट ली। परिजन और आसपास के लोग एकत्रित हुए तब तक बदमाश वहां से भाग निकले। इसके बाद डायल-100 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास बदमाशों की तलाश की, लोगों से पूछताछ भी की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। बाद में कोतवाली थाने से भी पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। उधर घायल महिला को परिजन लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे और उपचार करवाया। जांच में उनके बाएं हाथ में फ्रेक्चर निकला है।

Comments