कार्य करते समय मजदूर का हाथ आया मशीन में, इंदौर रैफर..

नहीं थे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम..

दाएं हाथ का उपचार करते चिकित्सक..

देवास। पोषण आहार केन्द्र में काम कर रहे एक मजूदर का हाथ मशीन में आ गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया जहां उसका प्राथमिक उपचार कर इंदौर रैफर कर दिया गया है। बताया गया है कि पोषण आहार केन्द्र पर सुरक्षा की दृष्टि से इंतजाम किए जाने चाहिए लेकिन खटाम्बा में इसके तहत किसी भी प्रकार के इंतजाम देखने में नहीं आए हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों यहां पर तत्कालीन एसडीएम ने निरीक्षण किया था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए थे।

घायल श्रमिक का उपचार करते चिकित्सक

शहर के ग्राम खटाम्बा में पोषण आहार केन्द्र कई दिनों से संचालित किया जा रहा है। जहां पर कई प्रकार की मशीनें लगी हुई है। इन मशीनों से बच्चों के लिए आहार बनाया जाता है। यहां पर कार्य कर रहे श्रमिकों के लिए प्राथमिकी उपचार सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। कभी कोई घटना यदि हो जाती है तो खटाम्बा से लेकर यहां तक आने में बड़ा हादसा हो सकता है। आज भी ऐसा ही एक हादसा हुआ। मशीन पर काम कर रहे श्रमिक रितेश पिता मनोहर सोलंकी उम्र 28 वर्ष निवासी माहेश्वरी गली का दायां हाथ मशीन में आ गया जिससे उसका हाथ कट गया। जिसे तत्काल जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां से उसे इंदौर रैफर किया गया है। बताया जाता है कि यदि पोषण आहार केन्द्र पर प्राथमिक उपचार सुविधा होती तो घायल मजदूर का उपचार तत्काल वहां पर हो जाता लेकिन वहां पर यह सुविधा नहीं होने से उसे जिला चिकित्सालय लाया गया। उस बीच उसका काफी रक्त बह चुका था। जिला चिकित्सालय में भी उपकरणों का अभाव है जिसके कारण आए दिन हो रहे हादसों के शिकारों को इंदौर रैफर किया जाता है। फिलहाल तो पुलिस ने एमएलसी बनाते हुए प्रकरण को जांच में लिया है।

Comments