विडियो : महाशिवरात्रि पर्व : ऊँ नमो भगवते रूद्राय, ऊँ नम: शिवाय रूद्राय् शम्भवाय् भवानीपतये नमो नम:, मंत्र से गूंजे शिवालय..

शाम को शुरू हुई संस्था नमो नमो की शिव बारात, परम्परागत नृत्य करती वनवासी बंधुओ की टोली, गुजरात की ढोल पार्टी रही आकर्षण का केन्द्र…

बिलावली स्थित भगवान शिव का किया दूल्हे के रूप में श्रृंगार

देवास। महाशिवरात्रि के अवसर पर शुक्रवार सुबह से ही शिवालयों में दर्शनार्थियों की लम्बी-लम्बी कतारें लगी। भक्त अपने भोले बाबा को मनाने के लिए विशेष पूजा-अर्चना करने पहुंचे। बिल्व पत्र व फूल चढ़ाने के साथ दूध से भक्तों ने अभिषेक किया। कई मंदिरों में लोगों ने भगवान भोलेनाथ का सूखे मेवे व अन्य सामग्री से श्रृंगार किया। भक्तों ने शहर में जगह-जगह पंडाल सजाए, जहां से फलाहारी खिचड़ी, फल, दूध, छांछ, राजगिरे के लड्डू तथा भांग के प्रसाद सहित अन्य फलाहारी प्रसाद का वितरण किया। बिलावली मंदिर पर श्रद्धालुओं का दर्शन करने के लिए तांता अलसुबह से लेकर रात तक रहा। बिलावली के अलावा मानस भवन मंदिर बीएनपी गेट, मनकामनेश्वर मंदिर, मिल रोड स्थित भोलेनाथ मंदिर, मिश्रीलाल नगर स्थित महांकाल मंदिर, धुनी संस्थान, मोदी जी का चौपड़ा, केदारेश्वर मंदिर, नोगश्वर मंदिर, महामृत्युजंय मंदिर, मुक्तिधाम स्थित शिव मंदिर, जबरेश्वर मंदिर, शंकरगढ़ शिव मंदिर, सोमेश्वर आदि मंदिरों में भक्त दर्शन के लिए उमड़े।

बिलावली मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़

शीलनाथ धुनी संस्थान मल्हार पर पूज्य श्री शीलनाथ जी महाराज का दुग्धाभिषेक, काकड़ आरती व विशेष महाआरती शुक्रवार को प्रात: 9 बजे की गई। तत्पश्चात मालवा कबीर महोत्सव चेतना यात्रा द्वारा देश विदेश के ख्यात भजन गायकों द्वारा गायन की प्रस्तुति दी गई। कबीर भजन गायक प्रहलादसिंह टिपानिया ने भजन गुरूजी के चरणों में गाया। राधिका सूदनायक मुम्बई ने जब बुल्लेशाह का सूफियाना कलाम पढ़ा, पुणे की श्रुति विश्वनाथ ने कबीर भजनों को क्लासिकल में गाकर सभी को सम्मोहित कर दिया वहीं बैंगलौर की शबनम मिरवानी ने भी भजनों की प्रस्तुती दी। वहीं प्रतिवर्षानुसार निकलने वाली संस्था नमो नमो की अनूठी शिव बारात भी शाम को मल्हार स्मृति मंदिर से शुरू हुई थी। शिव बारात प्रारम्भ होने से पूर्व नगर के खेल प्रशिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। जिसमें मुख्य अतिथि विधायक गायत्रीराजे पंवार, पूर्व पापुनि अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदकिशोर पाटीदार, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, बहादुर मुकाती, शरद पाचुनकर (दूदू भैया), प्रेस क्लब अध्यक्ष श्रीकांत उपाध्याय, अनिल सिकरवार उपस्थित थे।

अनूठी शिव बारात में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का मॉडल

सम्मान समारोह के बाद शिव बारात प्रारंभ हुई। जिसमें आकर्षण का केन्द्र अंतरर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गुजरात की ढोल पार्टी, परम्परागत नृत्य करती वनवासी बंधुओ की टोली, चलित और सजीव झांकी में राम दरबार में मलखंब पर करतब दिखाते हनुमान जी संग वानर सेना, फूलों की होली और लठ्ठ मार होली खेलते राधाकृष्ण, अयोध्या में निर्मित होने वाले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का मॉडल और साथ में माता पार्वती को ब्याहने जाते नन्दी पर सवार दूल्हा बने हुए बाबा भोलेनाथ थे।

Comments