बेशकीमती है इंसान के बाल..मप्र के देवास में इंसानों के बालों से बना रहे खाद
इंसानों के बालों से बन रहा जैविक खाद, नाइट्रोजन की अधिकता होने के कारण बालों का जैविक खाद के रूप में कर रहे उपयोग
देवास। इंसान के बालों से अब खाद बनाया जा रहा है। बालों को एक प्रक्रिया से गुजारने के बाद तरल पदार्थ एमीनो एसिड के रूप में प्राप्त किया जाएगा। सुनने में यह भले अजीब लगता है, लेकिन देवास में यह पहल की जा रही है।मप्र में पहली बार देवास जिले में इसके लिए प्लांट लगाया गया है।

नगर निगम के सहयोग से एक संस्था यह काम कर रही है। हेयर पार्लर से बालों को एकत्र कर प्लांट पर उनकी प्रोसेस की जा रही है। इससे जैविक खाद बनाया जाएगा। अभी ट्रायल बेस पर प्लांट शुरू किया गया है। दरअसल इंसानों के बाल बायोडिग्रेडेबल नहीं है। यह नष्ट नहीं होते। पानी में बहाने अथवा जमीन में गाड़ने के बाद भी इन्हें नष्ट नहीं किया जा सकता। बताया जाता है कि पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाते हैं। इसके चलते नगर निगम ने इस दिशा में विचार किया। राजोदा रोड स्थित मीठा तालाब पर प्लांट शुरू किया। अभी ट्रायल बेस पर काम हो रहा है। लेकिन धीरे-धीरे इसे बढ़ाया जाएगा और बालों से एमीनो एसिड बनेगा जो जैविक खाद में परिणीत होगा।
Comments