अमरनाथ यात्रा के लिए 1 अप्रैल से शुरू होगा पंजीयन.. स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य होगा..

प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में जिले से जाते हैं श्रद्धालु, 23 जून से यात्रा होगी प्रारंभ 03 अगस्त तक चलेगी..

देवास। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष बाबा अमरनाथ की यात्रा इस बार 23 जून 2020 से प्रारंभ होकर 03 अगस्त 2020 तक चलेगी। अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए दर्शनार्थियों को पंजीयन कराना आवश्यक होता है। पंजीयन का कार्य अधिकृत बैंक में शीघ्र ही प्रारंभ होगा। हेल्थ सर्टिफिकेट की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
शिवशक्ति सेवा मंडल के पवन विजयवर्गीय व महेश कारपेंटर ने बताया है कि प्रतिवर्ष जम्मू-काश्मीर स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए जिले से हजारों की संख्या में श्रद्धालु जाते है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी पंजीयन देवास शहर की पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में किया जाएगा। अमरनाथ यात्रा 23 जून से प्रारंभ होगी जो कि 3 अगस्त तक चलेगी। इस यात्रा के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट जरूरी है। यात्रा के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट 15 फरवरी के बाद का ही मान्य होगा। जिला चिकित्सालय में हेल्थ चेकअप की प्रक्रिया भी प्रारंभ होने वाली है। इच्छुक यात्री पंजीयन फॉर्म तथा हेल्थ सर्टिफिकेट साथ लेकर हेल्थ चेकअप करवा सकते हैं। अमरनाथ श्राइन बोर्ड के निर्णयानुसार इस बार भी डॉक्टरों द्वारा चेकअप करने के बाद ही यात्रा पर जाया जा सकेगा। इन टेस्टों में प्रमुखतः हीमोग्लोबिन, ईसीजी, ब्लड ग्रुप, हार्ट चेकअप, ब्लड प्रेशर आदि की जांच की जाती है। साथ ही वैरीफाई किया जाता है यात्री यात्रा पर जाने योग्य है या नहीं। साथ ही जिन्होंने पहले से मेडिकल करवा रखा है वह मान्य नहीं होगा। अमरनाथ श्राईन बोर्ड द्वारा नामित सरकारी डॉक्टरों द्वारा किया गया चेक अप ही मान्य होगा।

अमरनाथ पहुंच मार्ग


यात्रा के संबंध में अधिक जानकारी इन कर सकते हैं संपर्क
श्री अमरनाथ यात्रा के संबंध में और जानकारी के लिए शिवशक्ति सेवा मंडल के भूपेंद्र सिंह ठाकुर मोबाइल नंबर 98272-70979, पवन खंडेलवाल के मोबाइल नंबर 98272-18009 पर संपर्क कर सकते हैं।
यहां से निःशुल्क फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं
श्री अमरनाथजी की यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए शिवशक्ति सेवा मंडल यात्रियों को निःशुल्क फॉर्म प्रदान करता है। इसके लिए मां चामुंडा स्पोर्टस पाइंट शुक्रवारिया हाट पर संजय पारखे, सयाजी द्वार के सामने स्थित गोवर्धन पहलवान की पान की दुकान, देवास बस स्टैंड पर श्रीराम भोजनालय, कोतवाली के सामने बागलीकर ट्रेवल्स के अमित बागलीकर के अलावा आनंदसिंह ठाकुर, विनोद जैन, भूपेंद्रसिंह ठाकुर, आशीष व्यास, महेश कारपेंटर से संपर्क कर फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
शिवशक्ति सेवा मंडल प्रतिवर्ष करता है सेवा
शिवशक्ति सेवा मंडल के सदस्यों ने बताया कि प्रतिवर्ष यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को पंजीयन के फॉर्म उपलब्ध कराना तथा यात्रा के संबंध में यात्रियों को दिशा निर्देश देना ही मंडल का प्रमुख कार्य रहता है।
उम्र का है अनुबंधन
श्राइन बोर्ड द्वारा जारी आदेश अनुसार 13 वर्ष से कम आयु के बच्चे तथा 75 वर्ष से अधिक आयु के यात्रियों को यात्रा करने की परमिशन नहीं होगी। साथ ही जो महिलाएं गर्भवती है, उन्हें भी यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
दिनों के साथ कलर भी बदलेगा पंजीयन का
पिछले साल की भांति इस बार भी अमरनाथ यात्रा के लिए किया जाना वाला पंजीयन हर दिन के साथ पंजीयन का रंग भी बदला हुआ रहेगा। जैसे कोई यात्री सोमवार को यात्रा करेगा तो पंजीयन का कलर लेवेंडर होगा। मंगलवार को पिंकलेस, बुधवार को गहरा पीला आदि दिनों के हिसाब से होगा। साथ ही पंजीयन पर पहलगांव मार्ग व बालटाल मार्ग बड़े अक्षरों में लिखा होगा। जिस मार्ग से पंजीयन होगा उसी मार्ग से यात्री यात्रा कर सकेगा।
हजारों दर्शनार्थी जाते हैं दर्शन करने
जून माह में प्रारंभ होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए शिव भक्तों में बहुत उत्साह देखने को मिलता है। जिले से प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में दर्शनार्थी दर्शन करने के लिए जाते है। ये दर्शनार्थी निजी वाहन, टैक्सी तथा ट्रेन से रिजर्वेशन करवा कर जाते है। इन शिवभक्तों का कहना है कि अमरनाथ यात्रा की तैयारी यात्रा की तारीख घोषित होते ही प्रारंभ कर देते है।

Comments