कर्फ्यू में ढील : पुलिस ने गांधीवादी तरीका अपनाया, वाहन चालकों को हाथ जोड़कर, फूलों की माला पहनाकर दी समझाईश..

देवास। प्रशासन कहीं पर सख्ती कर रही है तो कहीं पर प्रशासन की कार्यप्रणाली लचीली दिखाई देती है। पिछले दिनों से शहर में जिला प्रशासन के द्वारा कफ्र्यू घोषित किया गया है। जिसके चलते कुछ निर्धारित समय के लिए ढील भी दी गई है। लेकिन ढील का लोग गलत तरह से इस्तेमाल कर रहे हैं। सोशल डिस्टेसिंग नहीं रखी जा रही है। वहीं दो पहिया वाहनों पर सिर्फ एक ही व्यक्ति को बैठने की अनुमति दी गई थी। लेकिन कई वाहन चालक बच्चों से लेकर महिलाओं तक को लेकर घूम रहे हैं। इसी के चलते पुलिस विभाग ने गांधीवादी तरीका अपनाया और लोगों को कोरोना वायरस के चलते समझाईश दी गई। आज सुबह गांधीवादी तरीके से नगर पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह राठौर ने दो पहिया वाहन चालकों का स्वागत किया। साथ ही उन्होनें कहा की बाजार में दो पहिया वाहनों पर दो लोग बैठकर ना आए। वहीं लोगों से अपील की है की अपने निकटतम बाजार से सब्जी व अन्य सामान लेकर घर की और चले जाएं।

Comments