बच्चों के बीच क्रिकेट खेलने की बात को लेकर हुआ था विवाद..

आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों में चले हथियार, कई घायल..

देवास। उज्जैन रोड स्थित ग्राम सिंगावदा में रंजिश के चलते सोमवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों ओर से जमकर हथियार चले जिसमें 10 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। क्षेत्रवासियों के मुताबिक गोली भी चली है, सिविल लाइन पुलिस ने रात में दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्यवाही करते हुए रिपोर्ट दर्ज की है। जानलेवा हमला, बलवा, मारपीट सहित कर्फ्यू के उल्लंघन और महामारी फैलाने की धाराओं में भी केस दर्ज किया गया।

सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले सिंगावदा में क्रिकेट खेलने की बात को लेकर बच्चों के बीच विवाद हुआ था जिसमें बाद में समझौता हो गया था। बाद में इसी बात को लेकर सोमवार को विवाद बढ़ गया। अभिषेक गौड़ नाम का युवक जब रास्ते से निकल रहा था तो उसके ऊपर आरोपी संजीव, सुरेश, गोपी, हिमांशु, मनीष, रोहित और मोहित योगेश्वर सहित रवि योगी ने हमला कर दिया। इस दौरान धारदार हथियारों का उपयोग भी किया गया और हवाई फायर की भी सूचना मिली। बीच-बचाव करने आए अभिषेक के पिता व कुछ अन्य लोग घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से भी 8 से 9 लोगों के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने अभिषेक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 323, 324, 147, 148, 188, 269, 270 के तहत केस दर्ज किया है। उधर दूसरे पक्ष द्वारा भी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

Comments