आम आदमी का अधिकार आधार कार्ड..लॉकडाउन के कारण आधार कार्ड में नहीं हो पा रहे संशोधन..

लॉकडाउन के कारण आधार कार्ड में नहीं हो पा रहे संशोधन..
आधार कार्ड अपेडट नहीं होने पर शासकीय योजनाओं का नहीं मिल रहा लाभ
देवास। केंद्रीय शासन ने आम आदमी की पहचान के लिए आधार कार्ड को जरूरी कर रखा है। यहां तक की आम से लेकर खास लोगों को विभिन्न योजनाओं में आधार कार्ड की आवश्यकता जरूरी है। आधार कार्ड में संशोधन होना भी बेहद आवश्यक प्रक्रिया है। अगर किसी भी व्यक्ति का आधार कार्ड अपडेट नहीं है तो उसे शासन की चली आ रही योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकता है। आधार कार्ड बैंकों में भी अत्यंत आवश्यक दस्तावेज माना जाने लगा है। गरीबों को राशन लेने के लिए भी आधार कार्ड आवश्यक है। अब जब आधार आम आदमी की इस तरह से पहचान आधार बन चुका है तो उसे अपडेट भी कराना सरकार ने आवश्यक कर दिया है, लेकिन इन दिनों कोरोना वायरस के चलते लगे लॉकडाउन में आधार कार्ड अपडेट की प्रक्रिया नहीं हो पा रही है। जबकि कुछ महीनों पूर्व आधार कार्ड अपडेट का कार्य बैंक के पास था, उसके बाद कुछ सेंटर शुरू हुए। किंतु अब सेंटरों पर आधार अपडेट की प्रक्रिया लॉकडाउन के चलते बंद है, और आम लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ आधार कार्ड के अपडेट नहीं होने पर नहीं मिल पा रहा है। इसी के चलते लोगों को परेशानियों का सामना पड़ रहा है।
           केंद्रीय सरकार ने आम आदमी के लिए आधार कार्ड को जरूरी दस्तावेज बना दिया है। बैंक से लेकर राशन लेने तक के लिए आधार कार्ड बेहद जरूरी है। इसके साथ ही आधार कार्ड को बैंक से लेकर वोटर आईडी व पेंशन खाते तक में लिंक कराना भी सरकार ने जरूरी कर दिया है। लेकिन समस्या यहां पर यह है कि आम आदमी को आधार कार्ड को सभी दस्तावेजों से लिंक कराने के लिए वर्तमान में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशनधारियों को पेंशन लेने से पूर्व आधार कार्ड अपडेट कराकर लिंक कराना होगा, इसके साथ ही पीएफ खातों में भी आधार कार्ड लिंक कराना है। इस समय आधार कार्ड लिंक नहीं हो पा रहे है। जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वही पहले तो बैंकों के माध्यम से आधार कार्ड अपडेट का कार्य जारी था, लेकिन बैंकों में भी लचीली कार्यप्रणाली के चलते कार्य धीमी गति से चल रहा था, जिसके बाद यूआईडीआई ने अपडेट के कार्य को जारी रखते हुए सेंटर खोले लेकिन कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन में उक्त कार्य प्रभावित हुआ। जिसके कारण वर्तमान में आधार कार्ड अपडेट नहीं हो रहे और लोगों को परेशानी हो रही है।

Comments