बेटी के विदा होने के एक दिन पूर्व पिता का हुआ निधन..
बेटी के विदा होने के एक दिन पूर्व पिता का हुआ निधन..
पिता के स्थान पर पूर्व विधायक ने निभाया पिता का फर्ज
कार्यकर्ताओं ने भाई की भूमिका निभाई और बेटी को विदा किया
देवास। मनुष्य के जीवन में कई बार ऐसे मोड़ आते है, जब मन और मस्तिष्क काम करना बंद कर देते है। ऐसा ही प्रसंग कल हमारे सामने आया जब भाजपा परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता भगवत सिंह चौहान की बिटिया के विवाह की तैयारियां चल रही थी और बेटी के विदा होने के एक दिन पूर्व ही भगवत सिंह जी की हृदयगति के रुक जाने से वे देवलोक सुधार गए, विवाह की खुशियां पल भर में ही गमगिन माहौल में परिवर्तित हो गयी। बेटी के हाथ में रची मेहंदी का रंग फीका पड़ गया। ये सदमा निकट परिजनों के साथ ही हम सभी के हृदय पर तीर चला गया।
उस परमपिता परमात्मा के आगे किसकी चलती है, वक्त का चक्र चल रहा था और वो घड़ी आ गयी जब दुल्हन बनी बिटिया की घर से विदाई होना थी, राजनीतिक संबंधों से भी आगे बढ़ कर मानवीय संबंध होते है, भाजपा परिवार के सभी सदस्य अपनी बेटी की विदाई के लिए खड़े हो गए, पिता का स्थान कोई नहीं ले सकता लेकिन उनकी प्रतिमूर्ति स्वरूप खड़े होकर क्षेत्र के पूर्व विधायक राजेन्द्र वर्मा और भाजपा परिवार के सदस्यों ने भाइयों की भूमिका निभाते हुए बिटिया को विदा किया। पूर्व विधायक राजेन्द्र वर्मा ने बताया की बिटिया के पिता भगवत सिंह का निधन गत 14 जून को हृदयगति रूक जाने से हो गया था। 15 जून को बेटी की विदाई होनी थी और यह पल हम सभी की आंखो को नम कर गया, मेरे समक्ष मेरी 4 साल की बिटिया का चेहरा आने लगा वो पल याद आने लगे जब वो मेरी उंगली पकड़ कर चलती है, मेरे कंधो पर बैठ कर घूमने की जिद करती है, कुछ भावनाओं को शब्दों में उतारना संभव नहीं, उन्हें सिर्फ अनुभव किए जा सकते है। मेरे साथ इस पल के साक्षी बने भाजपा सोनकच्छ के तीनो मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र पटेल, राजेन्द्र सिंह मोडरिया, नरेंद्र पाटीदार, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सतीश उपाध्याय, दिलीप सिंह दोनताजागिर, धर्मेद्र यादव, गोपाल सेंधव, सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
Comments