नवरात्रि के पूर्व माता का दरबार चांदी से सजकर तैयार होगा..
नवरात्रि के पूर्व माता का दरबार चांदी से सजकर तैयार होगा..
500 किलो चांदी से सजेगा तुलजा भवानी व चामुण्डा का दरबार
देवास। माँ चामुण्डा टेकरी पर विकास कार्य की गतिविधि लंबे अंतराल के बाद पुन: आरंभ हुई है। टेकरी पर विकास के साथ सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। वहीं कलेक्टर के निर्देशन में एसडीएम व निगमायुक्त ने इसके लिए कार्ययोजना तैयार की है। एसडीएम ने बताया की माता टेकरी पर तुलजेश्वरी व चामुण्डा माता मंदिर के दरबार को चांदी से सजाया जाएगा जिसके चलते सिंहासन, द्वार, छत आदि चांदी से सजाई जाएंगी। वर्षों से टेकरी पर चांदी के आभूषणों का दान आ रहा है जिसके चलते उक्त कार्य को किया जाएगा।
सोमवार को विधायक गायत्री राजे पवार के आतिथ्य में इस कार्य की शुरूआत की गई है। एसडीएम प्रदीप सोनी ने बताया की माँ तुलजा भवानी व चामुण्डा माता दरबार को चांदी से सजाने की कार्ययोजना बनाई है जिसमें 500 किलो चांदी लगने का अनुमान है। उन्होनें बताया की हमारे पास दान में आई करीब 50 किलो चांदी कोषालय में मौजूद है। इसके अलावा चांदी के लिए दान-दाताओं का सहयोग लेकर माँ के दरबार में सिंहासन, छत, द्वार आदि बनाए जाएंगे, इसके साथ ही अन्य आभूषण भी बनाने की योजना है।
इस प्रकार के कार्य के लिए दान-दाताओं से सहयोग आपेक्षित है। एसडीएम के अनुसार चांदी दान करने वाले भक्त बड़ी संख्या में मंदिर कार्यालय में संपर्क कर रहे हैं। वहीं संभावना है की चैत्र नवरात्रि पर्व तक तुलजेश्वरी माता का दरबार चांदी से सजकर तैयार हो जाएगा। गौरतलब है की सबसे पहले तत्कालीन कलेक्टर गौरीसिंह ने टेकरी पर विकास कार्य को लेकर अपनी रूची दिखाई थी। उसके बाद आशुतोष अवस्थी ने टेकरी पर पाथ-वे मार्ग के साथ ही सीढ़ी द्वार को सुसज्जित किया था। इनके बाद मानो टेकरी पर विकास कार्य थम गए थे, किंतु अब वर्तमान कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला ने टेकरी पर विकास कार्य की गाथा को पुन: लिखना शुरू किया है। ऐसी आशा है की अब टेकरी पर विकास कार्य पूरे होकर ही रहेंगे। जिसके चलते माँ के दरबार को सजाने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण भी जारी है।
Comments