रक्षासूत्र बांधकर वृक्षों को बचाने का संकल्प लिया, पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया..
रक्षासूत्र बांधकर वृक्षों को बचाने का संकल्प लिया, पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया
देवास। नेहरू युवा केंद्र द्वारा इन दिनों जिले में स्वच्छ गांव हरा भरा गांव अभियान संचालित किया जा रहा है। लोगों को श्रमदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि गांव का वातावरण हरा भरा एवं स्वास्थ्य के अनुकूल रहे, इसके लिए एक ओर तो ग्रामीणों को स्वयं पहल कर वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जा रहा है, दूसरी ओर पेड़ पौधों का संरक्षण करने का संदेश भी दिया जा रहा है।
केंद्र के जिला समन्वयक अरविन्द श्रीधर की पहल पर हर वर्ष रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के युवा मंडलों के साथ ही क्षेत्र के, भारत की प्रथम महिला शिक्षिका के नाम पर सावित्रीबाई फूले महिला मंडल कि सदस्यों के द्वारा हर वर्ष रक्षाबंधन पर वृक्षों में रक्षासूत्र बांधकर पेड़ो की सुरक्षा एंव संरक्षा का संदेश दिया जाता है। इस दिन सभी बहनें बारी-बारी रक्षासूत्र पेड़ो में बांधती हैं। प्रकृति प्रेमी रूपराम पेठारी ने कहा कि हमें आज के दिन बहनों को पौधा उपहार में देकर उसकी रक्षा की शपथ लेनी चाहिए। मंडल सदस्य ललिता ने गांव कि सभी बहनों से अपील कि है कि वृक्ष को अपना भाई बनाकर, संबंध स्थापित करें, बंधन बांधे व पेड़ कि सुरक्षा कि जिम्मेदारी भी लें।
पर्यावरण संतुलन के लिए वृक्ष की सुरक्षा जरूरी
केंद्र के लेखापाल अनिल जैन ने कहा कि रक्षाबंधन को और भी यादगार बनाने के लिए हम सबको चाहिए कि पौधा लगाएं और उसे रक्षा सूत्र से बांधकर उसकी सुरक्षा का संकल्प लें, अगर पौधा ना भी लगा सके तो जो आसपास पेड़ हो उसमें रक्षा सूत्र बांधकर उसकी सुरक्षा कि शपथ लें। एनवाईवी रचना पेठारी ने कहा कि वर्तमान में ग्लोबल वार्मिंग व जलवायु परिवर्तन के कारण प्रकृति का संतुलन बिगड़ रहा है। ऐसे में अधिक से अधिक पौधारोपण करके अथवा जो वृक्ष मौजूद है उसकी सुरक्षा करके ही इस संतुलन को बनाया जा सकता है। इस अवसर पर मंडल सदस्य गायत्री पेठारी, अंतिमा पेठारी, सीमा, बसुबाई, अनसुईया, सावित्रीबाई, सारदाबाई, संध्या इत्यादि सदस्य उपस्थित रही।
Comments