बेक समोसा लेने गया बालक 11 माह से लापता..माता-पिता ने बयां किया अपना दर्द

बेक समोसा लेने गया बालक 11 माह से लापता..माता-पिता ने बयां किया अपना दर्द
माता-पिता ने देवास पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल.., जांच जारी है जल्द ही पीडि़त को गुम हुआ बेटा मिलेगा : नगर पुलिस अधीक्षक

 

देवास। किसी व्यक्ति का कोई पुत्र या पुत्री लापता हो जाता है तो पुलिस के पास पहुंचकर विधिवत गुमशुदगी दर्ज कराई जाती है। जहां पुलिस का यह कर्तव्य होता है की उक्त गुम व्यक्ति की तलाश के लिए शुरू से आखिर तक प्रकरण की जांच कर पूरी घटना के बारे में जानकारी ले। लेकिन यहां ऐसा नहीं हुआ पिछले 11 माह के अधिक समय से एक 17 वर्षीय लडक़ा अब तक न तो माता-पिता के पास पहुंचा है न ही पुलिस ने इसके लिए कोई भरसक प्रयास किए है। जिसके चलते अब पीडि़त माता-पिता ने मीडिया का सहारा लिया है। माता-पिता ने रोते बिलखते हुए बताया की उनका पुत्र कैसे गुम हुआ और कैसे उन्होनें अपने स्तर पर उसे तलाशने के लिए प्रयास किया। लेकिन अब तक सिर्फ नाकामी ही हाथ लगी है। इधर नगर पुलिस अधीक्षक का कहना है की एक जांच दल गठित कर युवक की तलाश जारी है।

दानिश खिलजी

       शनिवार को प्रेस वार्ता कर पीडि़त पिता मोहम्मद जावेद खिलजी निवासी रतलाम ने बताया की उनका बेटा मोहम्मद दानिश खिलजी 11 माह पूर्व 4 अक्टूबर 2019 को स्थानीय चूड़ी बखाल में अपने नाना-नानी के घर से लापता हो गया था। बालक बेक समोसा खाने का कहकर घर से निकला था, लेकिन आज तक वापस घर नहीं पहुंचा है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाने पर 5 अक्टूबर 2019 को दर्ज कराई गई थी। उन्होनें बताया की उनका पुत्र यहां पर पढ़ाई करने के लिए रतलाम से आया था। वह यहां पर कक्षा 12 वीं में मॉडल स्कूल नौसराबाद में पढ़ाई करता था। उन्होनें बताया की उन्हें संदेह है की उसे कोई बहलाफुसलाकर ले गया हो। वहीं उन्होनें अपने बेटे को तलाशने के लिए हर संभव प्रयास किया। यहां तक की उच्चाधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक चर्चा की लेकिन उन्हें अभी तक निराशा ही हाथ लगी है। अपने स्तर पर एनजीओ, खोया-पाया संस्था नई दिल्ली, चाइल्ड हेल्प लाइन व सोशल मीडिया पर भी बच्चों को तलाशने की भरसक प्रयास कर किया था। इसके बाद भी उन्होनें अपने बेटे को ढूंढकर लाने वाले के लिए 51 हजार रूपए की राशि का इनाम भी रखा है। उन्होनें बताया की देवास पुलिस का सहयोग कुछ दिनों तक मिला उसके बाद पुलिस ने इस मामले को लेकर कोई प्रयास नहीं किया। आज उन्होनें वार्ता के दौरान पुलिस विभाग पर आरोप लगाया है कि पुलिस का उन्हें कोई सहयोग नहीं मिल रहा है।

नगर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह चौहान

इनका कहना :
      दानिश रतलाम का रहने वाला है, जो गुम हो गया था। इस प्रकरण में विवेचना जारी है। वर्तमान में पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह ने एक जांच दल गठित किया है, जो मेरे निर्देशन में कार्य कर रहा है। इस प्रकरण में नए सिरे से युवक को तलाशने का कार्य पुन: शुरू किया है। कॉल डिटेल के बारे में जानकारी ली जा रही है, इसके साथ ही आसपास के जिलों के साथ-साथ आश्रय स्थलों पर भी तलाश किया जा रहा है। वहीं उम्मीद है की पीडि़त का बेटा जल्द ही मिलेगा।
                                                                                     नगर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह चौहान

Comments