फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत युवा मंडल कर रहे फिटनेस गतिविधियाँ..
फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत युवा मंडल कर रहे फिटनेस गतिविधियाँ
योगा, डांस, स्ट्रेचिंग, एरोबिक्स, व्यायाम कर खुद को रख रहे फीट
देवास। नेहरू युवा केंद्र के द्वारा जिले भर में फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए फिट इंडिया यूथ क्लब मुहिम के रूप में 15 अगस्त से विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें क्लब द्वारा आंतरिक खेलों में योगा, स्ट्रेचिंग, डांस, एरोबिक्स व्यायाम, रस्सीकूद तथा आउटसाइड खेलों में जोगिंग, सोलो रन, साइकिलिंग आदि करना है। जिसके अंतर्गत इन दिनों विकासखंड कन्नौद कि एनवाईवी रचना बाकोरे द्वारा केंद्र प्रमुख अरविंद श्रीधर व लेखापाल अनिल जैन के मार्गदर्शन में गांवों में युवा मंडलों का गठन कर फिट इंडिया यूथ क्लब मुहिम की गतिविधियां निरंतर सक्रिय रूप से की जा रही है। कोरोनाकाल में युवाओं द्वारा नियमों का पालन करते हुए रोजाना गतिविधियाँ की जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता रूपराम पेठारी ने बताया कि फिट इंडिया यूथ क्लब मुहिम का लक्ष्य लोगों में फिटनेस को लेकर जागरूकता फैलाना है, ताकि लोग 30 से 60 मिनट तक रोजाना गतिविधि करे। क्योंकि एक फिट नागरिक ही देश के लिए जरूरत के समय अपना योगदान दे सकता है। इस मुहिम में नया भारत युवा मंडल खेरखेडा़, युवा शक्ति युवा मंडल पीपलकोटा के युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मंडल अध्यक्ष सुनिल धनगर एवं साथी युवा सक्रिय रूप से मिलकर मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं।
गतिविधियों कि हुई प्रसंशा…
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों जिले के कलेक्टर चंद्रमोली शुक्ला द्वारा नेहरू युवा केंद्र के द्वारा चलाए जा रहे अभियान व सराहनीय गतिविधियाँ जैसे – स्वच्छ गांव-हराभरा गांव अभियान श्रमदान, वृक्षारोपण, कोरोना जागरूकता अभियान के तहत व्यक्तिगत स्वच्छता, मास्क वितरण, कोरोना जागरूकता वॉल पेंटिंग, नारे लेखन व स्वयंसेवकों का पंजीयन इत्यादि कई महत्वपूर्ण गतिविधियों के लिए जिला समन्वयक अरविंद श्रीधर जी को बधाइयाँ देकर किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा की है।
आत्मनिर्भर भारत कि ओर बढ़ते कदम…
नेहरू युवा केंद्र की सक्रिय स्वयंसेवक मेघा सामरे का कहना है कि देवास जिले के 6 ब्लाकों में नेहरू युवा केंद्र द्वारा यह अभियान चलाया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा जुड़े हैं। खास बात यह है कि इस अभियान के तहत अधिकतर युवा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े हैं। नेहरू युवा केंद्र से जुड़े युवा ग्रामों में पहुंचकर लोगों को फिट रहने के लिए जागरुक कर रहे हैं। फिट इंडिया अभियान भारत सरकार ने इस आशा के साथ प्रारंभ किया है कि आत्मनिर्भर भारत बनने के लिए लोगों का शारीरिक रुप से स्वस्थ एवं फिट रहना अत्यंत आवश्यक है। क्षेत्र के गांवों में रोहित कहार, ओमप्रकाश सिटोले, आनंद पंचोली, दिनेश भालेराय इत्यादि युवा हर दिन फिटनेस गतिविधियाँ कर रहे हैं।
Comments