देवास से औंकारेश्वर ब्रह्मपुरी घाट पर पिकनिक मनाने गए दोस्तों में दो की हुई मौत..

देवास से औंकारेश्वर ब्रह्मपुरी घाट पर पिकनिक मनाने गए दोस्तों में दो की हुई मौत
स्नान कर रहा युवक चट्टान से फिसला बचाने में साथी भी डूबा
देवास।
बुधवार दोपहर 2.30 बजे स्नान के दौरान चट्टान से एक युवक का पैर फिसला और वह डूबने लगा। यह देख साथी बचाने पहुंचा। पानी गहरा होने के कारण दोनों डूब गए। गोताखोरों ने एक घंटे की मशक्कत बाद शवों को बाहर निकाला। युवक ओंकारेश्वर दर्शन के बाद अपने साथियों के साथ स्नान कर रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। मृतकों की शिनाख्त गौतम पिता प्रताप लौवंशी राजपूत (18), हेमंतराज पिता रघुनाथ गारोड़ा (18) निवासी बामनखेड़ा जिला देवास के रूप में की गई। देवास व बामनखेड़ा के उत्सव सिंह तोमर, दुष्यंत खत्री, नीरज बरमाईया व नीलेश सिंह के साथ दोनों युवक पिकनिक मनाने ओंकारेश्वर आए थे। ब्रह्मपुरी सहित अन्य घाट पर चट्टान और कम पानी दिखाई देने पर युवकों ने स्नान शुरू किया। इसी दौरान चट्टान से हेमराज का पैर फिसल गया। उसे बचाने पहुंचा गौतम भी डूब गया। साथियों ने शोर मचाया तो लोगों ने गोताखोरों को मदद के लिए बुलाया। एक घंटे बाद युवकों को बाहर निकाला जा सका तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर परिजन ओंकारेश्वर पहुंचे। मांधाता थाना टीआई जगदीशचंद्र पाटीदार ने कहा कि हादसा चट्टान से पैर फिसलने से हुआ है। जांच कर रहे हैं। वहीं नगर परिषद के गोताखोर लक्ष्मण केवट, तुकाराम केवट और मनोज दांगोरे ने डुबकी लगाकर काफी मशक्कत के बाद गौतम और हेमराज को बाहर निकाला। 


जलस्तर बढ़ाने के लिए बजा सायरन
हादसे के बाद ओंकारेश्वर में सायरन की आवाज गूंजी। मौजूद मीडियाकर्मियों ने कंट्रोलरूम को युवकों के डूबने की सूचना दी। बांध से पानी छूट जाता तो युवकों के शव ढूंढना मुश्किल हो जाता।
इकलौती संतान थे दोनों ही युवक
गौतम आईटीआई व हेमंतराज कक्षा 12वीं का छात्र था। दोनों ही इकलौती संतान थे। गौतम के पिता नहीं है। परिजन ने बताया लॉकडाउन के बाद से कहीं गए नहीं थे। इसलिए ओंकारेश्वर आए थे।


20 दिन में चौथी मौत, गहराई की जानकारी देने वाला कोई नहीं
नर्मदा का जलस्तर कम-ज्यादा होने पर बाहर से आए तीर्थ यात्री स्नान के दौरान पानी की गहराई को समझ नहीं पाते। चट्टान देख लोगों को लगता है कि पानी कम होगा। घाटों पर तीर्थ यात्रियों को जानकारी देने वाला कोई नहीं रहता है। इस कारण हादसे बढ़ रहे हैं। 25 सितंबर को दादा का दशा कर्म करने आए देवास जिले के सुरमान्या कांटाफोड़ निवासी प्रदीप बनवानी की डूबने से मौत हो गई थी। एक अन्य घटना में महिला को बचाने में युवक बह गया था।

Comments