किसान को ठगा, छला था, उनकी पीठ में छुरा घोंपा था, इसलिए गिरी थी कांग्रेस सरकार : शिवराज सिंह चौहान
किसान को ठगा, छला था, उनकी पीठ में छुरा घोंपा था, इसलिए गिरी थी कांग्रेस सरकार : शिवराज सिंह चौहान
किसानों के सिर पर रखी ब्याज की गठरी को हम फिर से उतारेंगे, नवरात्रि में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मंदिरों के हो सकेंगे दर्शन- मुख्यमंत्री
देवास। आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र के शिप्रा मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने लोहारपिपल्या आए थे। जहां उन्होनें कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। मुख्यमंत्री 15 महीने की कमलनाथ सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कमलनाथ ने 15 महीने में मध्य प्रदेश को बर्बाद कर दिया। संबल योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, तीर्थ योजना, स्कूली छात्रों की लैपटॉप योजना जैसी कई जन हितेषी योजनाओं को बंद कर दिया। किसानों को कर्ज माफी के नाम पर छला और ठगा है। शिवराज बोले किसानों के खातों में फसल बीमा का पैसा हमने डाला, किसान सम्मान निधि जो मोदी जी ने 6 हजार की थी उसे हमने 4 हजार बढ़ाकर 10 हजार कर दिया। अब नया मध्य प्रदेश बनाएंगे मालवा को पंजाब से भी आगे ले जाएंगे ऐसी हरित क्रांति लाएंगे। उन्होंने कमलनाथ को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हमें रोतेला मुख्यमंत्री मिल गया था जो हमेशा कहता था फंड नहीं है फंड नहीं है, मैं कहता हूं कमी नहीं है कमी नहीं है, कहीं से भी लाऊंगा लेकिन कमी नहीं होने दूंगा चिंता मत करना। अपने उद्बोधन में शिवराज ने किसानों के साथ-साथ महिलाओं, छात्र और गरीब वर्ग की योजनाओं की बात रखी। उन्होंने कहा आने वाले 3 सालों में मालवा के गांव-गांव में नल जल योजना से घर घर तक पानी पहुंचेगा। उन्होंने कहा कमलनाथ द्वारा बंद की गई योजनाएं फिर शुरू कर दी गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि आगामी 3 तारीख तक का समय भाजपा को जिताने के लिए दें। इसके पहले कार्यक्रम को विधायक गायत्री राजे पवार, सासंद महेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व मंत्री दीपक जोशी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, विधायक आशीष शर्मा, हाटपिपलिया विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मनोज चौधरी ने भी संबोधित किया। मनोज चौधरी ने कहा कि पिछले 6 महीने में हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र में 1041 करोड़ के कामों की स्वीकृति जो शिवराज सिंह जी द्वारा दी गई है वह ऐतिहासिक है। कार्यक्रम में सोनकच्छ से कांग्रेस विधायक सज्जन सिंह वर्मा के विधायक प्रतिनिधि पद से हटाए गए सुरेंद्र सिंह गौतम ने कांग्रेस छोडक़र भाजपा की सदस्यता ली। वहीं सम्मेलन के दौरान प्रत्याशी पूर्व विधायक मनोज चौधरी ने संबोधित किया था जिसमें उनकी जबान फिसल गई और मंच पर बैठे जीतू जिराती को जीतू पटवारी बोलकर संबोधित कर डाला।
झूठ के दम पर बनी कांग्रेस की सरकार के पतन के बाद हमने किसानों के लिए जी जान एक कर दिया है। कमलनाथ सरकार ने किसानों से कर्जमाफी पर झूठ बोला और किसानों के सिर पर ब्याज की गठरी रख दी। किसानों के सिर पर रखी ब्याज की गठरी को हम फिर से उतारेंगे। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शिप्रा मंडल के कार्यकर्ता सम्मेलन में संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन एबी रोड स्थित लोहारपीपल्या में आयोजित किया गया था। भाजपा प्रवक्ता शंभू अग्रवाल ने बताया कि कार्यकर्ता सम्मेलन में शिप्रा मंडल के सभी बूथ एवं पन्ना प्रभारियों के साथ कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सबसे पहले नवरात्रि में मां चामुंडा, तुलजा भवानी एवं सभी मंदिरों में दर्शन करने की छूट देने का ऐलान किया। कमलनाथ सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद थी कि वह अच्छा काम करेंगे, लेकिन उन्होंने अपने वचन नहीं निभाए। उन्होंने किसानों का 2 लाख का कर्ज माफ करने का ऐलान किया था, लेकिन बार-बार नया नया आदेश निकाल कर किसानों को ब्याज के तले दबा दिया। किसानों के सिर पर रखी ब्याज की गठरी को हम फिर से उतारेंगे। कमलनाथ पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि खोदा पहाड़ और निकली चुहिया वह भी मरी हुई, उसी चुहिया की पूंछ पकडक़र कमलनाथ जी घूम रहे हैं कि कर्जा माफ कर्जा माफ। श्री चौहान ने आंकड़े बताते हुए कहा कि कमलनाथ सरकार ने किसानों की फसल बीमा की प्रीमियम तक जमा नहीं की थी, जिसे उन्होंने मुख्यमंत्री बनते ही फिर से जमा किया। किसानों को सम्मान निधि नहीं मिल पा रही थी, जिसे भी शुरू किया गया। फसल नुकसानी का आकलन भी करवाया गया है और सभी किसानों को राहत राशि मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बजट के नाम पर कमलनाथ का रोना लगातार जारी रहा। संकट में आए लोगों के काम अगर नेता नहीं आते तो क्या नेता का अचार डालेंगे? उन्होंने पूर्व की कांग्रेस सरकार को दलालों से मिलीभगत करने वाला बताया और कहा कि कमलनाथ ने वल्लभ भवन को दलालों का अड्डा बना दिया था। प्रदेश को कांग्रेस ने बेचा और आरोप हम पर लगाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी शिद्दत से मेहनत कर सरकार को स्थायित्व देने के लिए उपचुनाव में जीत दिलाने का आह्वान भी किया।
कांग्रेस ने चला रखा था ट्रांसफर उद्योग – जीतू जिराती
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपचुनाव प्रभारी व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने कहा कि हमारा एक ही लक्ष्य है उपचुनाव में भाजपा सरकार को स्थायित्व देना। उन्होंने कहा प्रदेश में उपचुनाव के हालात बनाने की जिम्मेदार भ्रष्टतम कांग्रेस सरकार और उनके भ्रष्ट मंत्री रहे। प्रदेश में लगातार अराजकता का माहौल बनता गया। कांग्रेस सरकार में कांग्रेस के ही विधायकों की बात नहीं सुनी गई। झूठे वादे और वचनपत्र के झूठे वचनों से सरकार में आई कांग्रेस का दम्भ चरम पर पहुंच गया था। ट्रांसफर उद्योग चलाने वाली कांग्रेस के पाप का घड़ा भरने के कारण उनका पतन हुआ। उन्होंने कहा कांग्रेस का कोई विजन नहीं है और उनको वोट देने का कोई रीजन भी नहीं है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने 3 नवम्बर तक सतत मेहनत करने का आह्वान किया।
सुरेंद्र सिंह गौतम भाजपा में शामिल
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान ही सोनकच्छ में पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा के विधायक प्रतिनिधि रहे सुरेंद्रसिंह गौतम भी भाजपा में शामिल हो गए। गौतम ने कांग्रेस के प्रत्याशी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र भी दे दिया था। गौतम को मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंच पर बुलाकर भाजपा का दुपट्टा पहनाया और पार्टी में उनका स्वागत किया।
इसलिए गिरी कांग्रेस सरकार
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा कर कहा की हमारे कार्यकर्ता संकल्प ले रहे है जो झूठ का जाल कांग्रेस ने फैलाया था, भ्रम पैदा किया था, सरकार में रहते जनता को धोखा दिया, वल्लभ भवन को दलालों का अड्डा बना दिया था। चारों तरफ भ्रष्टाचार का राज था। सारी योजनाएं बंद कर दी थी, किसान को ठगा, छला था, उनकी पीठ में छुरा घोंपा था, इसलिए कांग्रेस की सरकार गिरी थी। अब सारी योजनाएं फिर से शुरू कर दी है। विकास की गंगा फिर से बह रही है। जनता के कल्याण के काम फिर से किये जा रहे है, और इसी पर हम जनता से वोट मांग रहे है, मुझे पूरा विश्वास है कि जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलेगा। हम 28 में से 28 ही सीटें जीतेंगे। मीडिया ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से पूछा की क्या प्रदेश में चुनाव कमलनाथ वर्सेस शिवराजसिंह चौहान हो गया है जिस पर सवाल को टालते हुए मुख्यमंत्री आगे बढ़ गए।
Comments