प्रदेश की 28 सीटों पर वोटिंग हुई आरंभ, शिप्रा मतदान केन्द्र पर विकलांगों के लिए व्हील चेअर उपलब्ध नहीं, बाइक पर लेकर आया युवक बुजुर्ग मतदाता को, हाटपिपलिया में हुआ 12.75 प्रतिशत मतदान..
प्रदेश की 28 सीटों पर वोटिंग हुई आरंभ, शिप्रा मतदान केन्द्र पर विकलांगों के लिए व्हील चेअर उपलब्ध नहीं, बाइक पर लेकर आया युवक बुजुर्ग मतदाता को, हाटपिपलिया में हुआ 12.75 प्रतिशत मतदान
देवास अपडेट। मध्य प्रदेश के 19 जिलों की 28 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। इसके पहले सुबह 5.30 बजे से मॉकपोल हुआ। प्रदेश में भी कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से मतदान का समय शाम छह बजे तक रहेगा। उपचुनाव में 63,67,751 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।
मध्य प्रदेश की राजनीति में यह पहला अवसर है जब इतनी अधिक सीटों पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने मतदान का समय इस बार एक घंटे का समय बढ़ाया गया है। अधिकारियों के अनुसार अंतिम एक घंटे में सामान्य मतदाताओं के अलावा कोरोना पॉजिटिव या असामान्य तापमान वाले मतदाताओं को मतदान का अलग से अवसर दिया जाएगा। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन की और से इंतजाम किए गए हैं।
देवास जिले की हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से लेकी अब तक 12.75 प्रतिशत मतदान किया जा चुका था। हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 91 हजार 410 मतदाता है। कोरोना संक्रमण के चलते थर्मल स्क्रीनिंग से जांच कर मतदान के लिए मतदाताओं को भेजा जा रहा था। वहीं सुबह ही भाजपा प्रत्याशी मनोज चौधरी ने अपना वोट विधानसभा क्षेत्र के कैलोद में दिया था।
सुबह से ही लोगों ने अपने मतों का उपयोग किया, कई मतदान केन्द्रों पर सोशल डिस्टेंस के साथ लोगों ने मतदान किया। इसी के साथ कई मतदान केंन्द्रों पर विकलांग लोगों के लिए व्हील चेअर की व्यवस्था भी की गई थी, लेकिन शिप्रा मतदान केन्द्र पर व्हील चेअर उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण मतदान करने आए लोगों को काफी जद्दोजहद कर मतदान करना पड़ा। इस मतदान केन्द्र एक बुजुर्ग व्यक्ति को बाइक पर बैठाकर मतदान केन्द्र लाया गया। वहीं खबर के प्रकाशित होने के कुछ देर बाद यहां पर व्हील चेअर की व्यवस्था कर दी गई थी।
Comments