गैल गैस का कनेक्शन करते समय दो भाइयों को लगा करंट..

गैल गैस का कनेक्शन करते समय दो भाइयों को लगा करंट
शिवशक्ति नगर में हाई टेंशन लाइन में पाइप अटकने से झुलसे दोनों, एक भाई की मौत और एक गंभीर घायल
देवास। शिवशक्ति नगर में गैल गैस के पाईप फिटिंग करने के दौरान दो भाइयों को करंट लग गया। बताया गया है की हाई टेंशन लाइन में पाइप अटकने से दोनों झुलस गए थे। एक भाई छत पर कार्य कर रहा था तो दूसरा नीचे की और था। पाईप ऊपर की चढ़ाने में अचानक से हाइटेंशन लाईन में पाइप लग गया और छत पर कार्य कर रहा युवक नीचे आ गिरा और उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों को जिला चिकित्सालय भेजा गया जहां गंभीर युवक का उपचार जारी है।

      गैल गैस कंपनी की और से कॉन्टेक्ट पर कार्य कर रहे जय पिता करण सिंह चौहान व आकाश चौहान दोनों निवासी त्रिलोक नगर इटावा के हैं। आज सुबह इटावा क्षेत्र के शिवशक्ति नगर में राजेन्द्र गुप्ता के निवास पर वह दोनों व उनका सुपरवाइजर राजीव कुमार कार्य कर रहे थे। राजीव कुमार कुछ देर के दोनों युवकों को काम बताकर कहीं गया था दोनों युवक जो चचेरे भाई बताए गए हैं दोनों पाईप फिटिंग करने के लिए राजेन्द्र गुप्ता के मकान पर पाईप छत पर चढ़ा रहे थे। उस दौरान पाईप मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाईन में लग गया जिसमें ऊपर छत पर कार्य कर रहे जय को जोरदार करंट लगा वहीं नीचे पाईप को पकड़े आकाश को भी करंट लगा और दोनों गिर गए जिसमें जय छत से नीचे गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

      घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस से दोनों को जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सक ने बताया की जय को मृत अवस्था में यहां लाया गया था। वहीं आकाश का उपचार जारी है, उसे भी सिर में चोंट आई है। मामले को लेकर सुपरवाईजर राजीव कुमार ने बताया की दोनों भाई कॉन्टेक्ट के आधार पर कार्य कर रहे थे। जिसमें दोनों दो दिनों पहले ही काम पर आए थे। सिविल लाईन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है व जांच कर रही है।

सुरक्षा साधन नहीं होने से हुआ हादसा
     सुरक्षा की दृष्टि से किसी के पास कोई साधन नहीं था। हेल्थ एंड सेफ्टी को बिना ध्यान में रखते हुए कंपनी ने अपने कर्मचारियों को कार्य करने भेज दिया जहां यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है लोगों ने सुपरवाइजर को पहले ही बता दिया था कि यहां हाईटेंशन लाइन है। उसके बाद ही यह घटनाक्रम भी हुआ।

Comments