क्या भाजपा से डर गया ओमिक्रोन वायरस......? रैली में जुटाई भीड़, न मास्क, ना डिस्टेंसिंग......

भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष की आभार रैली से रोड हुआ जाम, परेशान हुई जनता
देवास। भारतीय जनता पार्टी से कोरोनावायरस का नया रूप ओमिक्रोन डर गया है। प्रदेश की कैबिनेट वायरस के डर से चुनाव रद्द करती है, तो दूसरी तरफ भाजपा के ही युवा मोर्चा अध्यक्ष की भारी भीड़ वाली रैलियां भी निकलती है। रविवार को देवास जिले के नवनियुक्त युवा मोर्चा अध्यक्ष राम सोनी की रैली करनावद से चापड़ा, हाटपिपलिया, बरोठा होते हुए देवास पहुंची। पूरे रास्ते बड़ी भीड़ रैली के साथ चलती रही। देवास शहर में अंदर आते ही रैली के कारण पूरा एमजी रोड जाम हो गया। 1 घंटे से ज्यादा समय तक बाजार में खरीदी करने पहुंचे लोग और दुकानदार हैरान परेशान रहे। रैली एबी रोड पहुंची तो पुलिस ने यहां भी रास्ता बंद कर दिया।

ट्रैफिक के बीच आतिशबाजी होती रही। मंचों पर स्वागत होता रहा। भाजपा कार्यालय पर रैली पहुंचने के बाद एक सभा का आयोजन भी हुआ। इसमें कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। हालात ये थे कि किसी भाजपाई ने न तो मास्क लगाया था ना ही सोशल डिस्टेंसिंग का कोई ख्याल किसी नेता को रहा, जबकि मंच पर कई जवाबदार जनप्रतिनिधि बैठे थे। इनमें से किसी ने भी अपने कार्यकर्ताओं को ना तो मास्क लगाने के लिए कहा, ना ही दूरी बनाने के लिए कहा। इसके अलावा बड़े नेता और जनप्रतिनिधि भी मानो कोरोनावायरस का खतरा महसूस नहीं कर रहे थे।

इसके पहले भाजपा कार्यालय के सामने सभा के लिए पूरा रास्ता बंद कर मंच बनाया गया। कुल मिलाकर एक तरफ तो प्रदेश की सरकार कोरोनावायरस के डर से चुनाव निरस्त करने की बात करती है। दूसरी तरफ सत्ताधारी पार्टी रैली कर कोरोना फैलने के लिए आमंत्रण देती है। साफ है की सख्ती सिर्फ जनता के लिए है, नेताओं के लिए कोई सख्ती नहीं है।

Comments