फ्लाय ओवर ब्रिज में कुछ हिस्सा बढ़ाया जाए या तोड़ दिया जाए....!
केंद्रीय मंत्री से ब्रिज निर्माण को लेकर चर्चा करने दिल्ली जाएंगे : प्रदीप चौधरी
देवास। रामनगर से बावडिय़ा तक बने फ्लाय ओवर ब्रिज को लेकर बुधवार को कांग्रेस नेता ने प्रेस वार्ता कर भाजपा नेताओं पर आरोप लगाए। कांग्रेस नेता ने दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडक़री से ब्रिज निर्माण को लेकर चर्चा करने की बात भी कही। उल्लेखनीय है कि उक्त फ्लाईओवर पर पिछले डेढ़ वर्ष में एक दर्जन से अधिक सडक़ हादसे हो चुके है। जिसमें कई लोगों की जान भी चली गई। गत दिनों पूर्व एक युवक की ब्रिज पर घटना में मौत हो गई थी। उसके बाद से ब्रिज पर आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया था।
गत दिनों रामनगर स्थित ब्रिज पर एक युवक की मौत हो गई थी। उसके बाद से ब्रिज पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। अब ब्रिज पर बीच में हादसे रोकने के लिए डिवाईडर बनाने की कवायद चल रही है। ब्रिज निर्माण को लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट देखी गई है। हांलाकि ब्रिज निर्माण के बाद से कांग्रेस नेता प्रदीप चौधरी ने कई बार विधायक और सांसद पर आरोप लगाए हैं। उन्होनें ब्रिज का नाम भी जबरन ब्रिज रख दिया था। आज फिर प्रदीप चौधरी ब्रिज को लेकर मीडिया के समक्ष आए उन्होनें प्रेस वार्ता में कहा कि या तो ब्रिज को तोड़ दिया जाए या फिर इसमें कुछ हिस्सा जोड़ दिया जाए। चौधरी ने कहा कि निर्णायक काम होना चाहिए। हम आएंगे विरोध करेंगे, आप एफआयआर करोगे, ये नूरा कुश्ती हमको नहीं लडऩा है। हमको निर्णय करना है कि इस ब्रिज का क्या होगा। मैं नहीं चाहता कि इसमें राजनीति हो, जिसने भी भ्रष्टाचार करना था डिजाइन बदलनी थी ये सारी बातें अलग है, सबसे पहली बात हमारे बच्चों की जान बचाए। जिला प्रशासन से भी कहना चाहता हूं कि डिवाइडर लगाकर अपना पल्ला ना झाड़ें इसका स्थाई हल निकालें।
केंद्रीय मंत्री से मिलने जाएंगे
भाजपा नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो कलंक सुंदर देवास के माथे पर लगाया है इसके पीछे जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी है उन्हें सजा मिलना चाहिए। विधायक की जवाबदारी बनती है। लोकतंत्र में विपक्ष का साथ है कि आपके अगर कोई काम गलत दिशा में जा रहे हैं तो हम सवाल करेंगे। उनका कर्तव्य है कि उसका जवाब दें। डिवाइडर लगाना देवास की जनता की आंख में धूल झोंकने का काम होगा। किसी भी जानकार से, किसी भी फ्लाय ओवर बनाने वाले संगठन से आप पूछोगे की इतनी कम जगह में डिवाइडर बना दोगे अगर कोई गाड़ी खराब हो गई तो जाम की स्थिति निर्मित होगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडक़री से समय मांगकर उनके पास सभी सबूतों और दस्तावेजों के साथ जाएंगे और उनसे निवेदन करेंगे देवास के भविष्य को बचा लिजिए। या इस ब्रिज से हमें निजात दिला दिजिए। या तो तोड़ दिजिए या फिर बढ़ा दिजिए।
Comments