महाकुंभ में स्नान के साथ, शहर में निकली ऐतिहासिक नर्मदा कलश यात्रा

मौनी अमावस्या पर प्रयागराज से जल लाकर देवास में अमृत का छिडक़ाव किया : प्रवेश अग्रवाल 

देवास। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नर्मदे युवा सेना द्वारा ऐतिहासिक कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के लिए नर्मदे युवा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवेश अग्रवाल प्रयागराज महाकुंभ से त्रिवेणी संगम का पवित्र जल कलश में लेकर आए थे। उस जल का यात्रा में उपयोग किया गया। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से श्रद्धा के साथ निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों महिलाएं कलश लेकर चल रही थी। इस यात्रा में अमृत स्नान की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे शहर वासियों को महाकुंभ के दिव्य अमृत स्नान का लाभ प्राप्त हुआ। श्रद्धालुओं के लिए कलश यात्रा आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रही। यात्रा के दौरान धार्मिक ध्वज, ढोल-नगाड़ों और भजनों के संग शहर भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आया।

यात्रा संचालक प्रवेश अग्रवाल ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से नर्मदा यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होनें बताया कि वह प्रति वर्ष औंकारेश्वर से नर्मदा नदी का जल लेकर आते हैं उसके बाद नर्मदा यात्रा देवास शहर में निकालते हैं। इस बार 144 वर्षों के बाद महाकुंभ प्रयागराज में चल रहा था, मौनी अमावस्या के दिन वहां से जल लिया और देवास लाकर यात्रा के दौरान अमृत जल शहर के प्रमुख मार्गों पर छिडक़ाव किया। इसके साथ ही 1 लाख हिंदू पंचाग जिसे प्रख्यात पंडितों के द्वारा बनाया गया था, उसे देवास शहर के 20 हजार से अधिक घरों में पहुंचाया। 

Comments