नगर निगम की कल तक हुई जमकर तारिफ, आज निगम की साख पर उठे सवाल.......!

-लॉटरी सिस्टम से प्रधानमंत्री आवास योजना में मकानों का आवंटन हुआ निरस्त........! 
-नाराज लोगों ने किया चक्काजाम आरोप लगाते हुए कहा : जानबूझकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और अपनों को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा किया.......! 

देवास। नगर निगम की कल जहां तारिफ हो रही थी, वहीं आज निगम की साख पर गंभीर सवाल उठे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान आवंटन की लॉटरी के लिए हजारों लोग जिसमें महिलाओं के साथ उनके छोटे बच्चे व पुरुष शामिल थे। सुबह 9 बजे से मल्हार स्मृति मंदिर के सभागृह में लोग पहुंचे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद पता चला कि महापौर, सभापति, आयुक्त अब नहीं आएंगे। कार्यक्रम अचानक निरस्त कर दिया गया। करीब 60 मकानों के लिए 1 हजार 500 लोगों से अधिक लोगों को बुलाकर नगर पालिक निगम ने उनकी उम्मीदों के साथ खिलवाड़ कर दिया। 

नाराज जनता और भाजपा के पार्षदों ने निगम परिसर में पहुंचकर जमकर हंगामा कर दिया। कुछ देर के बाद भाजपा पार्षद यहां से गायब हो गए और जनता के साथ कांग्रेस पार्षद मौजूद रहे। कांगेे्रस पार्षदों ने सडक़ पर चक्काजाम कर दिया जो करीब 45 मिनिट तक चलता रहा। वहीं लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब यह आवंटन प्रक्रिया निरस्त की गई है। जानबूझकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और अपनों को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। नगर निगम की इस लापरवाही से ना केवल जनता का भरोसा टूटा है, बल्कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को भी धक्का पहुंचा है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 60 मकानों का आवंटन आज लॉटरी के जरिए मल्हार स्मृति मंदिर सभागृह में होना था। इसके लिए करीब 1 हजार 500 से अधिक लोगों ने आवेदन नगर निगम को किए थे। आज सुबह से करीब 9 बजे से हितग्राहियों का आना शुरु हो गया था। कार्यक्रम में सत्ताधारी नेता व पार्षद पहुंच गए थे, लेकिन अधिकारी वर्ग नहीं पहुंचे थे। काफी देर तक निगम अधिकारी और जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचे तो मौजूद भाजपा पार्षद ऋतु सावनेर, अजय तोमर, प्रवीण वर्मा, भूपेश ठाकुर, राम यादव, संजय दायमा सहित अन्य भाजपा नेता हितग्राहियों को नगर निगम लेकर गए। यहां निगम मेें अधिकारी नहीं मिले, वहीं कांग्रेस पार्षद राहुल पवार, दीपेश कानूनगो भी पहुंचे और हितग्राहियों के साथ सडक़ पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। 

सूचना पर तहसीलदार सपना शर्मा, पुलिस बल के साथ पहुंची, उन्होनें चक्काजाम करने को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों से चर्चा की। कार्यपालन यंत्री इंदु भारती ने लोगों को आश्वास्त किया उसके बाद चक्काजाम खत्म हो गया, लेकिन कुछ देर के बाद कुछ हितग्राही महिलाएं उपायुक्त कक्ष के बाहर प्रदर्शन करते हुए पहुंची काफी देर तक वह नारेबाजी करती रही। कुछ देर के बाद पार्षद अजय तोमर, प्रवीण वर्मा, भूपेश ठाकुर पहुंचे उन्होंने महिलाओं को कहा कि एक सप्ताह में लॉटरी से आवंटन होंगे तब महिलाएं वहां से गई। 

हमारे द्वारा रिपोर्टिंग की गई 

तहसीलदार सपना शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास को लेकर मामला था, कई लोग यहां आए थे, उन लोगों का कहना था कि जितने लोगों को मकान स्वीकृत किए गए है उससे अधिक लोगों ने आवेदन किया है परंतु लॉटरी सिस्टम नहीं किया गया है। आवास नहीं मिलने को लेकर हितग्राहियों में नाराजगी थी इसको लेकर सडक़ पर चक्काजाम कर दिया था। चक्काजाम करने पर हमारे द्वारा रिपोर्टिंग की गई है, इसके बारे में कलेक्टर को अवगत किया जाएगा।

निगम आयुक्त को तीन-चार बार फोन लगाए

सत्ताधारी पार्षद अजय तोमर ने वहां कहा कि नगर निगम सुनवाई नहीं कर रहा है, यहां हितग्राहियों को करीब 4 घंटे हो चुके हैं। निगम आयुक्त को मैं तीन-चार बार फोन लगा चुका हूं। यह पांचवी बार ऐसा हुआ है कि लॉटरी सिस्टम को आगे बढ़ाया गया है। इस प्रकार से लोगों को बुलाया जाएगा तो निगम आयुक्त के निवास व नगर निगम का घेराव करेंंगे। निगम अधिकारियों की पूरी त्रुटी है। पार्षद प्रतिनिधि रुपेश वर्मा ने कहा कि अधिकारियों ने कार्यक्रम रखा है इसकी आयुक्त व महापौर को जानकारी ही नहीं है उसके बाद आमजनता को बुला लिया। पार्षद ऋतु सावनेर ने कहा कि अधिकारियों से बात चल रही है कि यहां ऐसे क्यों बुलाया गया है। अधिकारियों को नहीं आना था तो पहले से जानकारी देनी थी। हमको ही सूचना नहीं थी कि कार्यक्रम निरस्त है।

66 मकानों का आवंटन होना था

कार्यपालन युत्री इंदु भारती ने बताया कि आज मल्हार स्मृति मंदिर में मेंढकी के 66 मकानों का आवंटन किया जाना था। आवंटन पुरानी योजना के तहत होना है। आवंटन के लिए कई आवेदकों ने फार्म भरे थे और हितग्राही अधिक थे, किसी कारणवश हमें मकानों के लिए लॉटरी निरस्त करना पड़ी। आज हमारे उच्चाधिकारी, जनप्रतिनिधि नहीं थे। आज के कार्यक्रम की पहले से निरस्त करने के लिए सूचना नहीं थी, अचानक कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा था। 


Comments