शहर में हृदयविदारक घटना : दो मासूम भाई-बहन की हुई संदिग्ध मौत.......!
-कल रात को पड़ोस में बच्चे का जन्मदिन मनाया, आज सुबह मृत मिले.......!
-पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद डेढ़ माह पूर्व महिला बच्चों को लेकर पीथमपुर से देवास आई थी........!
देवास। कल रात को ढांचा भवन क्षेत्र में पड़ोसी के बच्चे का जन्मदिन मनाकर सोए दो बच्चे सुबह स्कूल जाने के लिए नहीं उठे, माँ पड़ोसी महिला के साथ दोनों बच्चों को निजी अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टर ने उन्हें जिला चिकित्सालय भेज दिया। जिला चिकित्सालय में दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मामले को लेकर मृत बच्चों की माँ ने बताया कि वह देवास से पहले पीथमपुर में कंपनी में कार्य कर रही थी। पति को दो वर्ष पूर्व छोड़ दिया है। मामला संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने प्रकरण को जांच में लिया।
जानकारी के अनुसार आज सुबह दो मासूम बच्चे निशा 3 वर्षीय और हेमंत 7 वर्षीय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों बच्चे रात को सोए थे, लेकिन सुबह नहीं उठे। बच्चों की मां प्रिया यादव, जो अपने पति विष्णु कटारा से अलग होकर डेढ़ महीने पहले देवास आई थी, उसने बताया कि वह ढांचा भवन में विक्की जगदाले के मकान में किराए पर रह रही थी। प्रिया, मूल रूप से मथुरा की रहने वाली, उसने अपने पति से प्रेम विवाह किया था, लेकिन वैवाहिक विवाद के चलते वह पहले पीथमपुर और फिर देवास में नौकरी के लिए आई यहां अपने बच्चों के साथ अकेले रह रही थी। पुलिस ने जांच के दौरान जिला चिकित्सालय में मृत बच्चों की माँ का संदेह के आधार पर स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया साथ ही अल्कोहल टेस्ट भी कराया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक माँ शराब के नशे में है।
प्रिया के साथ लोकेंद्र नामक युवक रहता है
पड़ोस में रहने वाली रीना पति राकेश ने बताया कि शुक्रवार रात को उसकेे बच्चे शुभ का जन्मदिन प्रिया के घर पर दोनों मृत बच्चों के साथ मनाया था। रात को केक काटा और भोजन कर सो गए थे। आज सुबह करीब 7 बजे प्रिया ने उन्हें सूचित किया कि बच्चे उठ नहीं रहे। बच्चों को तुरंत संस्कार हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इस मामले को लेकर रीना की ननंद मनीषा ने बताया कि प्रिया के साथ लोकेंद्र नामक युवक रहता है उनके घर पर भाई के लडक़े शुभ का जन्मदिन मनाया था, लोकेंद्र वाहन चालक है, आज सुबह प्रिया हमारे घर पर आई उसने बताया कि उनके दोनों बच्चे उठ नहीं रहे हैं। मेरी भाभी रीना के साथ अस्पताल लेकर गए थे।
महिला ने पति से 2014 में प्रेम विवाह किया था
औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि ढांचा भवन क्षेत्र में एक महिला पिछले डेढ़ माह से दो बच्चों के साथ किराए से रह रही थी। रात को जन्मदिन की पार्टी चल रही थी, उसमें शामिल होने के बाद आज सुबह मृत अवस्था में मिले थे। आज सुबह दोनों बच्चों के शव का परिक्षण किया गया है, घटना स्थल पर पुलिस टीम पहुंच गई थी। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्घ पाए जाने पर डॉक्टरों की पैनल से पोस्टमार्टम किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला प्रिया का मायका मूल रुप से मथुरा का है ससुराल मुरैना जिले का है। दोनों के परिवार मथुरा में रहते थे तब महिला ने पति विष्णु कटारा से प्रेम विवाह 2014 में किया था। रोजगार की तलाश में गुजरात फिर पीथमपुर आ गए यहां दोनों के बीच विवाद हुआ था उसके बाद महिला प्रिया अपने दोनों बच्चों के साथ डेढ़ माह पूर्व देवास आई थी।
Comments