पुलिस लाइन में हुआ शस्त्र पूजन, केबीनेट मंत्री कार्यक्रम में हुए शामिल.......!

-विजयादशमी पर्व एक विश्वास का, शौर्य का, साहस का, निर्भिकता का प्रतीक है : मंत्री सिलावट

देवास। विजयादशमी के अवसर पर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केबीनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंत्री सिलावट पूजा में शामिल हुए उनके साथ सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक गायत्री राजे पवार, महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद सहित भाजपा नेता सहित पुलिसकर्मी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत ढंग से हुई, जिसमें पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों ने अपने शस्त्रों की पूजा-अर्चना की।

मंत्री सिलावट ने कहा कि शस्त्र सिर्फ रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए उपयोग किए जाने चाहिए। विजयादशमी का पर्व हमें मर्यादा, पराक्रम और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने पुलिस बल की सराहना करते हुए कहा कि देवास पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता को सुरक्षा प्रदान करने में हमेशा अहम भूमिका निभाई है। मंत्री ने जवानों से कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन का पालन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी विजयादशमी और शस्त्र पूजन के महत्व पर प्रकाश डाला और पुलिस बल को अपनी जिम्मेदारी निष्ठा के साथ निभाने का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस जवानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पूजा-अर्चना के बाद शस्त्रों का परेड के रुप में प्रदर्शन भी किया गया।

सरकार की अच्छी शुरुआत है

मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि विजयादशमी पर शस्त्र पूजन पूरे प्रदेश में सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं, यह एक विश्वास का, शौर्य का, साहस का, निर्भिकता का प्रतीक है। इसलिए प्रदेश सरकार ने अच्छी शुरुआत की है। माँ चामुण्डा की नगरी की और से मुख्यमंत्री को बधाई देता हूं।

बुराई पर अच्छाई का प्रतीक है 

कलेक्टर ऋतुराज सिंह व पुलीस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रुप में हम मनाते हैं। दशहरे का पर्व पुलिस परिवार के लिए बड़ा महत्व रखता है इस दिन शस्त्रों व वाहनों का पूजन किया जाता है। 


Comments