सेवा, समर्पण और विश्वास के साथ करें इलाज, डॉक्टर भगवान का रूप : केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार
अमलतास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मंत्री ने कहा : 1000 से अधिक डॉक्टर दे चुका संस्थान, जनऔषधि केंद्रों से सस्ती दवाओं का लाभ
देवास। अमलतास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने नव चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉक्टर मरीज के लिए भगवान का रूप होता है। आपके व्यवहार और सेवा भाव से ही मरीज आधा स्वस्थ हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह डिग्री केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज सेवा का संकल्प है।
मंत्री ने कहा कि ऐसे कार्य करें कि लोग आपके साथ-साथ आपके माता-पिता और शिक्षण संस्थान का नाम गर्व से लें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू किए जनऔषधि केंद्रों का उल्लेख करते हुए बताया कि देशभर में 18 हजार से अधिक केंद्रों पर सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध हो रही हैं, जिससे आम मरीजों को राहत मिल रही है। उन्होंने अमलतास विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यहां सेवा का भाव स्पष्ट दिखाई देता है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों का भी इलाज किया जाना मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 में शुरू हुए अमलतास मेडिकल कॉलेज ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की है और अब तक 1000 से अधिक एमबीबीएस डॉक्टर तैयार कर चुका है। बीएचएमएस, नर्सिंग और पैरामेडिकल सहित अन्य पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी भी स्वास्थ्य सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। अब विश्वविद्यालय बनने के बाद इसकी पहचान पूरे प्रदेश में और मजबूत हुई है तथा अन्य जिलों से भी विद्यार्थी यहां अध्ययन के लिए आ रहे हैं। उन्होंने सभी स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और इसमें समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।
मरीज का भरोसा ही सबसे बड़ी ताकत : उपमुख्यमंत्री
कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि दीक्षांत समारोह में शामिल होकर गर्व का अनुभव हो रहा है। विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों के चेहरे पर खुशी देखना सुखद है। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता का सपना होता है कि उनके बच्चे जीवन में आगे बढ़ें और समाज में नाम रोशन करें। उन्होंने अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने बच्चों को सेवा के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में भेजा। चिकित्सकों से अपील की कि वे अपने व्यवहार को बेहतर रखें, क्योंकि अच्छा व्यवहार मरीज के मन में विश्वास पैदा करता है और वह आधा ठीक हो जाता है। डॉक्टर का कार्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि सेवा भाव से मरीज को मानसिक रूप से मजबूत करना भी है।
300 से अधिक विद्यार्थियों का दी उपाधि
समारोह में 300 से अधिक विद्यार्थियों एमबीबीएस, एमडी, एमएस, एमसीएच नर्सिंग व बीएससी नर्सिंग और बीपीटी को स्नातक व स्नाकोत्तर छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियाँ, प्रमाण पत्र व स्वर्ण पदक दिए। साथ ही अमलतास विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ शरदचंद्र वानखेड़े व कुलसचिव संजय रामबोले ने अतिथियों की उपस्थिति में भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव को सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने व रिटायर्ड आईएएस ऑफिसर राकेश सिंह को प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय कार्य के लिए डी लिट की मानक उपाधि प्रदान की। कार्यक्रम में अमलतास गु्रप से बनाई डॉक्युमेंट्री फिल्म दिखाई व पुस्तक का विमोचन भी हुआ। सभी उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को शपथ दिलाई।
जनप्रतिनिधियों ने भी दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में विधायक गायत्रीराजे पवार, मनोज चौधरी, जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव व निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. खेम सिंह डेहरिया ने भी नव चिकित्सकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के साथ हुई। इस अवसर पर नव चिकित्सकों को डिग्री व मेडल प्रदान किए गए।




Comments