देवास में मंगलसूत्र झपटा, उज्जैन में दो चेन लूटीं, दो शातिर आरोपी धराए

पल्सर पर सवार होकर महिलाओं को बनाते थे निशाना, 5 लाख की सामाग्री बरामद


देवास। राह चलती महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटकर फरार होने वाले दो बदमाशों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 9 दिन में देवास और उज्जैन की तीन चेन स्नेचिंग की वारदातों का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए की सामाग्री बरामद की है। इसमें देवास से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, उज्जैन में लूटी गई दो सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन शामिल हैं।

एडिशनल एसपी गजेन्द्र सिंह वर्धमान ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर महिलाओं का पीछा करते थे। महिला के पास से बाइक निकालते समय पीछे बैठा आरोपी अचानक गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र या चेन तोड़ लेता था। इसके बाद दोनों तेज रफ्तार से फरार हो जाते थे। देवास में वारदात के बाद दोनों उज्जैन पहुंचे और वहां भी इसी तरीके से दो महिलाओं को निशाना बनाया।

ब्रिज के पास महिला के गले से झपटा मंगलसूत्र

घटना 5 अगस्त की रात करीब 9.07 बजे की है। सिविल लाइन निवासी 52 वर्षीय संतोष सोनी अपनी पड़ोसी के साथ पैदल मेंढकी रोड की तरफ जा रही थीं। ब्रिज के पास मेंढकी रोड की ओर से बाइक पर आए दो युवकों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र लूट लिया और फरार हो गए। मंगलसूत्र की कीमत करीब 80 हजार रुपए थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अमित सोलंकी के नेतृत्व में टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। इसके बाद मोहम्मद जाबीर हुसैन उर्फ सत्तारिया उर्फ अठारिया (28) और रेहान शेख (20) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने देवास की वारदात कबूल की। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपए का सोने का मंगलसूत्र बरामद किया।

देवास के बाद उज्जैन में दो महिलाओं को बनाया निशाना

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने देवास की घटना के बाद उज्जैन जाने और वहां अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो चेन स्नेचिंग करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने उज्जैन कोतवाली थाना क्षेत्र के डाबरीपीठा और थाना माधवनगर के कोठी रोड क्षेत्र में एक-एक सोने की चेन लूटना स्वीकार किया। जिसकी अनुमानित किमत 2 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों चेन भी आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लीं। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त बजाज पल्सर जिसकी अनुमानित किमत 2 लाख रुपए व दो मोबाइल फोन जिनकी अनुमानित किमत 20 हजार रुपए सहित कुल 5 लाख रुपए की सामाग्री जब्त की है। थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी मोहम्मद जाबीर हुसैन उर्फ सत्तारिया उर्फ अठारिया के खिलाफ इंदौर के अलग-अलग थानों में मारपीट, धमकी, वसूली, लूट, आबकारी और आम्र्स एक्ट सहित 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2014 से 2024 तक लगातार अलग-अलग थानों में प्रकरण दर्ज हुए हैं।

इनका रहा सराहनीय कार्य 

कार्रवाई में सिविल लाइन थाना प्रभारी अमित सोलंकी, उनि संजय सौराष्ट्रीय, सउनि ईश्वर मंडलोई, प्रआर नितेश द्विवेदी, पवन पटेल, सुनील देथलिया, शैलेंद्र राणा, आर नवीन देथलिया, नवदीप महाजन, हितेश कुशवाह, अरूण चावड़ा व सायबर सेल से प्रआर सचिन चौहान, शिवप्रताप सिंह सेंगर की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने पूरी टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 10 हजार रुपए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। 


Comments