देवास पर अब और पैनी होगी ‘त्रिनेत्र’ की नजर
अमलतास ग्रुप ने सीसीटीवी नेटवर्क विस्तार के लिए दिए 7 लाख, अपराध नियंत्रण में पुलिस को मिलेगी ताकत
देवास। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे पुलिस के त्रिनेत्र अभियान को अमलतास ग्रुप का सहयोग मिला है। सीसीटीवी नेटवर्क के विस्तार के लिए अमलतास ग्रुप की ओर से करीब 7 लाख रुपए की लागत की सीसीटीवी कैमरा केबल पुलिस को उपलब्ध कराई गई है। शुक्रवार को अमलतास ग्रुप के निदेशक-प्रशासक डॉ. प्रशांत ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी पुनीत गेहलोद को 7 लाख रुपए का सांकेतिक चेक भेंट किया।
इस सहयोग से देवास शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी तंत्र का विस्तार किया जाएगा। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरों की पहुंच बढऩे से पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही वारदात के बाद आरोपियों की पहचान और उनकी धरपकड़ में भी मदद मिलेगी। शहर में पहले से स्थापित कैमरों के नेटवर्क को और व्यापक बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण सहयोग माना जा रहा है।
जनभागीदारी से मजबूत होगी शहर की सुरक्षा
अमलतास ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष सुरेश सिंह भदौरिया ने कहा कि देवास की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग से चलाया जा रहा त्रिनेत्र अभियान सराहनीय पहल है। जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अमलतास ग्रुप प्रशासन और पुलिस के साथ खड़ा रहा है और आगे भी सहयोग जारी रखेगा। ग्रुप के चेयरमैन मयंकराज सिंह भदौरिया ने कहा कि सुरक्षित देवास बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सीसीटीवी निगरानी तंत्र मजबूत होने से अपराध नियंत्रण और अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस को निश्चित रूप से सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनहित के ऐसे कार्यों में ग्रुप निरंतर सहयोग करता रहेगा।
पुलिस अधीक्षक ने जताया आभार
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने अमलतास ग्रुप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमलतास ग्रुप से समय-समय पर प्रशासन और पुलिस का सहयोग किया जाता रहा है। सामाजिक संस्थाओं और निजी संस्थानों की भागीदारी से त्रिनेत्र अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी नेटवर्क का विस्तार शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। पुलिस अधीक्षक ने जिले के अन्य सामाजिक संगठनों, संस्थानों, प्रतिष्ठानों एवं नागरिकों से भी ‘त्रिनेत्रम अभियान’ से जुडक़र नेटवर्क के विस्तार में सहभागिता करने की अपील की, ताकि तकनीक एवं जनसहयोग के माध्यम से देवास जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। इस दौरान अमलतास अस्पताल के मार्केटिंग डायरेक्टर अश्विन तंवर और मीडिया मैनेजर कमलेश सेंधव भी मौजूद रहे।


Comments