तीसरे दिन सुलझा अंधा कत्ल : पत्नी ने प्रेमी के साथ रची थी हत्या की साजिश........!

-पति को नींद की गोलियां खिलाई, प्रेमी और उसके साथियों ने ऑपेरशन की ब्लेड से गला रेता था......!
-पत्नी ने पति को रास्ते से हटाकर बीमा क्लेम की राशि हड़पने की बनाई थी योजना.........!

देवास। तीन दिनों पूर्व उज्जैन रोड बायपास मार्ग स्थित नौसराबाद पशु हाट के समीप एक युवक का शव रक्त रंजित अवस्था में मिला था। पोस्टमार्टम के बाद पता चला था कि मृतक का गला रेत कर उसकी हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने घटना के दूसरे दिन ही चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। जिसमें पता चला कि पत्नी के प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। सोमवार को एडिशनल एसपी ने मामले मेें खुलासा किया। 

एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि अंधे कत्ल का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि 8 व 9 की दरमियानी रात सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली कि नोसराबाद बायपास पशु हाट के पास उज्जैन बायपास रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान राकेश पिता देवीसिंह मालवीय उम्र 42 वर्ष निवासी साईंनाथ कॉलोनी के रूप में हुई। प्रारंभ में मामला सडक़ दुर्घटना का प्रतीत हुआ, लेकिन पीएम रिपोर्ट और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे आरोपी 

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें आरोपी घटना को अंजाम देकर भागते हुए कैद हो गए। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर मृतक की पत्नी रीना पति राकेश मालवीय से सख्ती से पूछताछ की। उसने अपने प्रेमी देवेंद्र यादव और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की।

बीमा क्लेम के लालच में पति की हत्या

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी रीना और आरोपी देवेंद्र दोनों इंदौर में एक क्लेम एक्सपर्ट वकील के पास कार्यरत थे। बताया गया है कि रीना क्लेम का कार्य देखती थी और देवेंद्र वकील का वाहन चालक था। करीब तीन वर्षों से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। आरोपी पत्नी ने पति को रास्ते से हटाकर बीमा क्लेम की राशि हड़पने की योजना बनाई थी। योजना के तहत पत्नी और प्रेमी 8 जनवरी को इंदौर से देवास आए मृतक को पत्नी ने नींद की गोलियां खिलाई। इसके बाद आरोपी देवेंद्र यादव और संजय उर्फ संजू ने ऑपरेशन में उपयोग होने वाली ब्लेड से गला काटकर उसकी हत्या कर दी थी। 

शव को बाइक सहित फेंका, बनाया सडक़ हादसा

हत्या के बाद मृतक की पत्नी ने खून से सने कपड़े धोकर सबूत मिटाए। इसके बाद तीनों आरोपियों ने शव को मृतक की मोटरसाइकिल के बीच फंसाकर चौथे आरोपी मनीष उर्फ रोहित की मदद से नोसराबाद बायपास पर फेंक दिया। घटना को सडक़ दुर्घटना का रूप देने के लिए मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त किया और सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।

कानून के शिकंजे में आरोपी 

फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह मामला न सिर्फ रिश्तों की क्रूरता को उजागर करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि लालच और अवैध प्रेम किस हद तक इंसान को हैवान बना सकता है।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार 

पुलिस ने मृतक की पत्नी रीना मालवीय, प्रेमी देवेंद्र पिता हटेसिंह यादव उम्र 26 वर्ष निवासी नलखेड़ा थाना मधुसूदनगढ़ जिला गुना हाल मुकाम लुनियापुरा थाना रावजी बाजार इंदौर, संजय उर्फ संजू पिता धूलजी वाल्मिकी उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम भेंसाना थाना बोड़ा जिला राजगढ़ हाल मुकाम कृष्णबाग कॉलोनी थाना खजराना इंदौर, मनीष उर्फ रोहित पिता हरीसिंह वाल्मिकी उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम भेंसाना थाना बोड़ा जिला राजगढ़ हाल मुकाम भूरी टेकरी थाना कनाडिय़ा इंदौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी देवेंद्र का पूर्व में मधुसूदनगढ़ थाने पर एक अपराध पंजीबद्ध है। 

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस पूरे मामले का खुलासा करने में सिविल लाइन थाना प्रभारी हितेश पाटिल के नेतृत्व में गठित टीम उनि पर्वत सिंह परिहार, सउनि राकेश तिवारी, संध्या पांडे, प्रआर पवन पटेल, घनश्याम अर्जने, मप्रआर प्रीति मालवीय, आर अरूण चावड़ा, हितेश कुशवाह, मातादीन, जितेंद्र सिसौदिया व सायबर सेल टीम में प्रआर सचिन चौहान, शिवप्रताप सिंह सेंगर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई कर अंधे कत्ल को सुलझाया।


Comments