अमलतास विश्वविद्यालय में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
-नशा मुक्ति केंद्र के मरीजों और विशेष बच्चों की प्रस्तुति ने जीता दिल
-उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को किया सम्मानित
देवास। अमलतास विश्वविद्यालय में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। अमलतास ग्रुप के चेयरमैन मयंकराज सिंह भदौरिया ने ध्वजारोहण कर उपस्थितजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक राजेश राठौड़ तथा ग्राम बांगर के सरपंच दिलीप जाट उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि राजेश राठौड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी उपयोगिता और महत्व को समझना चाहिए। प्रशिक्षित एवं अनुभवी लोगों की संगत से जीवन में निरंतर प्रगति की राह खुलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाजहित में अपना अमूल्य योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही अमलतास विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
नशा मुक्ति केंद्र के मरीजों और विशेष बच्चों की प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
समारोह का विशेष आकर्षण अमलतास नशा मुक्ति केंद्र के मरीजों एवं विशेष स्कूल के बच्चों की शानदार प्रस्तुति रही। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को भावुक कर दिया तथा सभी ने उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर आजादी के महत्व को जीवंत कर दिया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान
समारोह के दौरान संस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर डॉ. सलिल भार्गव, अमलतास ग्रुप के वाइस चेयरमैन देवेंद्र दुबे, कुलपति डॉ. आर.के. सिंह, रजिस्ट्रार डॉ. अभय गुप्ता, कॉलेज डीन डॉ. ए.के. पीठवा, डीन मैनेजमेंट डॉ. आस्था नागर सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह भदौरिया, डॉ. संगीता तिवारी, डॉ. नीलम खान, डॉ. स्नेहा सहाय, डॉ. अनिता घोडक़े, डॉ. अजय गुर्जर एवं डॉ. अंजली मेहता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रत्ना शर्मा ने किया। अमलतास परिवार के डॉक्टरों, स्टाफ, मरीजों के परिजनों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। पूरे आयोजन में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश गूंजता रहा।


.jpeg)
Comments